
छतरपुर। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में मामूली सी बात को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ा कि बात मारपीट तक जा पहुंची। विवाद के दौरान घायल हुए एक पक्ष की महिला सहित तीन लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया है।
ग्राम खजवा निवासी संतोष पटेल ने बताया कि वह अपनी जमीन पर मवेशियों की सुरक्षा के लिए बाड़ लगा रहा था, जिसको लेकर गांव की जानकी, सुनीता, बृजेश और दीपा पटेल उससे विवाद करने लगीं। जब उसने विरोध किया तो उक्त लोगों ने लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। संतोष ने बताया कि जब उसके पिता भागीरथ और पत्नी कल्पना पटेल बीच-बचाव करने आई, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। संतोष पटेल ने आरोप लगाया है कि राजनगर पुलिस ने शिकायत में सभी आरोपियों के नाम नहीं लिखे हैं।








