
छतरपुर। लवकुशनगर तहसील के ग्राम भड़ार भितरिया के किसानों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आवेदन देकर गांव में हो रहे भू-अर्जन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी जमीनें जबरन छीनी गईं तो वे जान देने को मजबूर होंगे।
आवेदन देने आए किसानों ने बताया कि मौजा भड़ार और भितरिया की भूमि शासन द्वारा अवनि परिधि मानिक एण्ड मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड लखनऊ, उत्तर प्रदेश के लिए एम सैड और ग्रेनाइट प्रसंस्करण उद्योग स्थापना हेतु अधिग्रहित की जा रही है और इसके लिए सार्वजनिक सूचना भी प्रकाशित हुई है। किसानों का कहना है कि वे अपनी जमीन किसी कंपनी या शासन को नहीं देना चाहते, क्योंकि उनके पास खेती ही एकमात्र आजीविका का साधन है। भूमि अधिग्रहण से वे भूमिहीन हो जाएंगे और उनके परिवारों के पास जीवनयापन का कोई स्रोत नहीं बचेगा। किसानों ने आरोप लगाया कि कंपनी उनकी बेशकीमती जमीन हड़पने के लिए हल्का पटवारी के माध्यम से फर्जी सहमति लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने मांग की कि इस प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए और पटवारी व अन्य राजस्व कर्मचारियों को गांव में न भेजा जाए, क्योंकि ग्रामीणों में भू-अर्जन को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामवासियों ने कलेक्टर से गलत तरीके से हो रहे भू-अर्जन की जांच कर इसे रोकने की गुहार लगाई है।









