
टीकमगढ़। मैं हूं दुल्हन इक रात की, तूं है दूल्हा इक रात का….। जितेन्द्र और रेखा की फिल्म जाल का यह गीत अचानक ही लोगों की जुबान पर उस समय आ गया, जब यहां पलेरा नगर में एक नई नबेली दुल्हन अपने पति और ससुरालियों को झांसा देकर रफूचक्कर हो गई। आश्चर्य की बात तो यह है कि जाते समय जिन्होंने उसे पकडऩे का प्रयास किया, उन पर अपने हाथ भी चला गई। इस घटना को लेकर जहां कई प्रकार की अटकलें लगाई जा रही हैं, वहीं उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को देते हुए न्याय की गुहार लगाई है। सूत्र बताते हैं कि दुल्हन यहां बमुश्किल एक ही रात ठहरी और शादी के दूसरे दिन ही अपने प्रेमी के साथ पलेरा बाजार से चली गई। नववधु ने यहां ससुराल में शादी के बाद पहला दिन ही गुजारा और दूसरे दिन सोने-चांदी के आभूषण पहनकर बीच बाजार से अपने सहयोगी के साथ भाग निकली। अब ससुराल वाले अपनी बहू को खोजने में लगे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि यह मामला शादी से अधिक ठगी और चूना लगाने का लग रहा है। परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, और पुलिस मामले की जांच पड़ताल में लगी है। घटना के संबन्ध में थाना प्रभारी मनोज सोनी ने बताया गया है कि फरियादी करीब 11 बजे सूचना देने थाना आए। मामले की जांच की जा रही है। प्रथम द्ष्टया मामला ठगी का लग रहा है। आजकल शादी का झांसा देकर इस तरह की घटनाएं आम होती जा रही है। बताया गया है कि थाना पलेरा क्षेत्र के ग्राम टोरिया में यह एक ऐसी घटना घटी, जो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। 22 मई 2025 को एक युवक की शादी पचवारा गांव की एक युवती के साथ धूमधाम से हुई। बताया गया है कि यह शादी यहां के एक मंदिर प्रांगण में होकर कराई गई। कन्या पक्ष ने बारात का स्वागत किया और जयमाला भी हुई। वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर दोनों ने सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा किया। ससुराल आने के अगले दिन ही दुल्हन प्रेमी संग बाइक पर सवार होकर ससुराल वालों के सामने ही मौके से भाग गई। पलेरा नगर के बड़ा बस स्टैंड पर सैकड़ों नागरिकों के सामने घटित हुई वारदात को लेकर पूरे नगर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पलेरा थाना क्षेत्र के टोरिया गांव के निवासी बलराम कुशवाहा के पुत्र हुकुम कुशवाहा का विवाह 22 मई को पचवारा गांव की रहने वाली एक युवती के साथ वैदिक रीति रिवाज के साथ टोरिया गांव के मंदिर प्रांगण में संपन्न हुआ। शादी के अगले दिन 23 मई को अपनी नई नवेली दुल्हन ससुराल पहुंची। दूल्हे के परिवार ने पूरे उत्साह के साथ दुल्हन का स्वागत किया, गृह प्रवेश कराया गया और गीत-संगीत के साथ पूजा-पाठ का दौर चला। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया, जब 23 मई को दुल्हन पलेरा बाजार से मेकअप एवं कूलर आदि सामान खरीदने की जिद करने लगी। जिसके बाद नई नवेली दुल्हन के साथ सामान खरीदने ससुराल पक्ष से बुआ श्रीमती सोना देवी एवं उसका पुत्र अशोक कुशवाहा एवं देवर सुनील कुशवाहा सुबह 10 के करीब टोरिया गांव से पलेरा बस स्टैंड बाजार पहुंचे। परिजनों के अनुसार तीन हजार रुपए का मेकअप आदि सामान खरीदने के बाद इलेक्ट्रिकल्स दुकान से कूलर पसंद करते-करते सोने चांदी के आभूषण पहने दुल्हन अचानक एक तेज रफ्तार से आई मोटर साइकिल पर बैठे युवक के साथ रफूचक्कर हो गई। जब वह नहीं लौटी, तो सनसनी फैल गई। यह नजारा देखते ही बाजार में हडक़ंप मच गया। ससुराल पक्ष के लोगों ने तत्काल दुल्हन को बाइक सवार युवक के साथ पकडऩे की कोशिश भी की, लेकिन दुल्हन ने दो थप्पड़ लगाते हुए अपना हाथ छुड़ाया और मौके से भाग निकली। ससुराल पक्ष के लोगों के द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद भी दुल्हन और बाइक सवार का कोई पता न चल सका। ससुराल पक्ष से दुल्हन को साथ लेकर बाजार आई बुआ सोना देवी उक्त घटना को लेकर बीच बस स्टैंड पर रोती रहीं। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर मामले की शिकायत परिजनों के द्वारा पलेरा थाने में दर्ज कराई गई है।
अस्सी हजार में हुई थी शादी की जुगाड़-
अगर ससुराल पक्ष की बातों पर भरोसा किया जाए तो लडक़े की शादी के लिए उसके परिवार ने जुगाड़ बैठाई थी। बिचौलियों ने अस्सी हजार में उसका विवाह कराने का ठेका ले लिया। उन्होंने ऐसा विवाह कराया कि दुल्हन एक रात ही नहीं टिकी और वह यहां से रफूचक्कर हो गई। इन दिनों आंख मींचकर विवाह कराने वालों को चूना लगाए जाने की घटनाएं आए दिन सामने आ रहीं हैं, फिर भी लोगों में जागरूकता का अभाव बना हुआ है। बताया गया है कि परिजनों ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम टोरिया गांव के निवासी रविंद्र राजा पिता मनोहर सिंह एवं उनके चाचा रघुवीर सिंह के द्वारा फ रियादी के पुत्र हुकुम कुशवाहा के विवाह के संबंध में तय की गई राशि अस्सी हजार रुपए लेकर उसका विवाह 22 मई को पचवारा गांव की युवती के साथ टोरिया गांव में मंदिर प्रांगण पर कराया गया था। विवाह के दूसरे दिन यह पूरा घटनाक्रम सामने आया, जिसमें दुल्हन सोने एवं चांदी के आभूषण पहनकर बाइक सवार के साथ मौके से भाग गई। फिलहाल पुलिस ने फरियादी का आवेदन पत्र लेते हुए इस मामले में जांच शुरू कर दी है। फरियादी के द्वारा विवाह में तय की गई रकम को लेकर लेनदेन से जुड़ा एक वीडियो भी पुलिस को दिया गया है।








