
छतरपुर। भारतीय जनता पार्टी ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर छतरपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यह यात्रा सैनिकों के शौर्य और बलिदान के सम्मान में रामचरितमानस मैदान से शुरू होकर छत्रसाल चौराहे तक निकली, जिसमें कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
यात्रा में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, विधायक ललिता यादव, राजेश बबलू शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नीरज चतुर्वेदी, धर्माचार्य राघवेंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने भारतीय सेना की वीरता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को दुनिया के सामने प्रदर्शित किया है। उन्होंने सैनिकों के पराक्रम को नमन करते हुए कहा कि यह यात्रा उनके सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।








