
छतरपुर। गुरुवार को पुलिस लाइन परिसर में पुलिस उपमहानिरीक्षक छतरपुर रेंज ललित शाक्यवार द्वारा वार्षिक निरीक्षण किया गया, साथ ही पुलिस ग्राउंड में परेड सलामी, प्लाटून वार निरीक्षण और परेड हुई। निरीक्षण में आम्र्स, बलवा सामग्री और वाहनों की जांच भी की गई।
डीआईजी श्री शाक्यवार ने बताया कि पुलिस परेड ग्राउंड में आगामी पर्वों पर शांति, सुरक्षा, एवं कानून व्यवस्था की सुनिश्चितता एवं आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने, दंगा और बलवा पर नियंत्रण हेतु बलवा ड्रिल का अभ्यास हुआ, जिसमें पुलिस की 5 पार्टियां अश्रु गैस, केन, लाठी, राइफल और रिजर्व पार्टी शामिल थी। बलवाइयों के उपद्रव पश्चात पुलिस द्वारा स्थिति नियंत्रित करने के लिए न्यूनतम आवश्यक बल का प्रयोग किया गया। बलवा ड्रिल पर उपस्थित पुलिस बल को बलवा ड्रिल के महत्व के बारे में बताया गया और अभ्यास करते समय हुई त्रुटियों तथा समस्याओं के बारे में समझाइश दी गई। वार्षिक निरीक्षण में पुलिस अधीक्षक अगम जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर के अलावा समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, रक्षित निरीक्षक, थाना, चौकी प्रभारी और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।








