
छतरपुर। जिले के किशनगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत इमली चौक गांव के पास एक लोडर चालक ने बाईक सवार दम्पत्ति को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में जहां दम्पत्ति की मौत हो गई वहीं 8 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल है। घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल रिफर किया गया। घटना को अंजाम देकर भाग रहे वाहन चालक को पुलिस ने जैतपुर के पास से पकड़ लिया है।एएसपी विदिता डागर ने बताया कि किशनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम इमली चौक के पास टाटा 407 के चालक ने अंधी रफ्तार से वाहन चलाकर बाईक सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाईक सवार रामकृपाल रजक एवं उसकी पत्नि सुमन रजक की मौत हो गई जबकि उनकी बेटी बुरी तरह घायल हो गई। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद मासूम बेटी को जिला अस्पताल भेजा गया। बताया जाता है कि मृतक पन्ना से टीकमगढ़ जिले के बल्देवगढ़ क्षेत्र अंतर्गत कन्नपुर जा रहे थे। उधर घटना को अंजाम देकर वाहन चालक मौके से भाग निकला मगर पुलिस को खबर मिल जाने के कारण पुलिस ने जैतपुर के पास वाहन जब्त कर लिया।






