
हरपालपुर। आगामी पर्व होली, रंगपंचमी और ईद के मद्देनजर रविवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई, जिसमें थाना प्रभारी ने आम जनता से शांतिपूर्वक त्यौहार मनाने की अपील की। बैठक में थाना प्रभारी पुष्पक शर्मा ने कहा कि होलिका दहन निर्धारित समय-सीमा में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता सभी धर्मों का सम्मान करती है और एक-दूसरे के साथ मिल-जुलकर त्यौहार मनाती है लेकिन कुछ असमाजिक लोग त्यौहारों का मजा किरकिरा करने की मंशा से अनर्गल बातें, टिप्पणी करते हैं। ऐसे लोगों पर पुलिस की नजर रहेगी। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि होली पर शराबबंदी रहेगी और इस दौरान यदि किसी स्थान पर अवैध शराब का विक्रय किया गया तो संबंधित पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने होली पर हुड़दंग करने वालों को चेतावनी दी है। बैठक में नपाध्यक्ष अमित अग्रवाल, व्यापारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। गौरतलब है कि इस वर्ष होली का त्यौहार शुक्रवार को होने के कारण पुलिस सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता कर रही है।









