
किसान बोले- नियमों का हवाला देकर किया जा रहा अन्याय
एं।छतरपुर। बुधवार को सटई तहसील क्षेत्र के ग्राम सिलावट और पड़रिया के दर्जनों किसानों ने कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन देते हुए नैगुवां तालाब लघु सिंचाई परियोजना के तहत अधिग्रहित की गई जमीनों के मुआवजा वितरण में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा नियमों का हवाला देकर उनके साथ अन्याय किया जा रहा है।सिलावट निवासी किसान अजय दुबे ने बताया कि गांव के कई किसानों की एक समान जमीनें अधिग्रहित की गई लेकिन उन्हें मिलने वाली मुआवजा राशि अलग-अलग है। जब अधिकारियों से इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने नियमों का हवाला देकर इसे सही बताया है। किसानों का कहना है कि वे ज्यादा-पढ़े लिखे नहीं है इसलिए उन्हें अधिकारियों की बातें और उनके नियम-कानून समझ नहीं आते जिसका फायदा उठाया जा रहा है। किसानों ने यह भी कहा कि जमीन के बदले जो मुआवजा उन्हें दिया जा रहा है, वह भी उचित नहीं है। मुआवजा राशि, जमीन की असल कीमत के अनुरूप नहीं है जिस कारण से वे पुन: जमीनें नहीं खरीद पाएंगे। कलेक्टर को आवेदन देकर किसानों ने जमीनों का उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। इस मौके पर किसान नितिन, मोहित दुबे, देवेन्द्र सिंह, महेन्द्र सिंह, कुंवर राजा, कम्मोद पटेल, गोविन्द दास, रमेश पटेल, गौराबाई, अमेन्द्र पटेल, राजकुमार पटेल सहित सिलावट और पड़रिया के दर्जनों किसान मौजूद रहे









