
पिता बेचते हैं समोसे, बेटी ने सोशल मीडिया पर मचाया धमाल
छतरपुर। शहर की रहने वाले अंजली कुशवाहा इन दिनों न केवल बुंदेलखंड बल्कि पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। दरअसल इस समय सोशल मीडिया के हर प्लेटफॉर्म पर बुंदेली गीत- तुनक तुन तुन्ना, सुनो पावनी बिन्ना, बेइंतहा वायरल हो रहा है। इस गीत में छतरपुर की अंजली ने अभिनय किया है। खास बात यह है कि अंजली के एक सामान्य परिवार की बेटी है और उसके पिता आज भी छतरपुर शहर में समोसे बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हालांकि सोशल पर अंजली द्वारा किए गए इस कमाल के बाद उसके परिवार को अच्छी खासी शोहरत मिल रही है।उल्लेखनीय है कि 14 वर्षीय अंजली कुशवाहा, छतरपुर शहर के सटई रोड की रहने वाली है और कक्षा 9वीं में पढ़ती हैं। अंजली के पिता अजय कुशवाहा सटई रोड पर रेल्वे पुल के पास हाथठेले पर समोसे बेचने का व्यवसाय करते हैं। इसके अलावा परिवार में अंजली की मां मोहनी और एक छोटा भाई अंकित है। अंजली के पिता अजय बताते हैं कि लॉकडाउन के दौरान जब स्कूल बंद हुए और पढ़ाई ऑनलाइन होने लगी, तब उन्होंने अंजली को मोबाइल दिलाया था। इसी मोबाइल से अंजली पढ़ाई के साथ-साथ सोशल मीडिया पर कॉमेडी वीडिया बनाकर डालती थी। धीरे-धीरे जब उसके वीडियो लोगों को पसंद आने लगे तब बुंदेली कलाकार हिमालय यादव हरिया भैया और विनोद प्रजापति ने अंजली से मुलाकात की थी। कुछ समय पहले महोबा के कुछ कलकारों ने अंजली को उनके गाने में अभिनय करने का मौका दिया, जिसे लोगों को द्वारा जमकर प्यार दिया जा रहा है। इस गाने को यू-ट्यूब पर अब तक पूरी दुनिया में 34 मिलियन बार सुना गया है। इसके साथ-साथ फेसबुक, इंस्टाग्राम और रील्स में यह गाना ट्रेंड कर रहा है।









