
कॉम्बिंग गश्त में 5 सैकड़ा से अधिक बदमाशों की हुई जांच
छतरपुर। बीती रात पूरे जिले में पुलिस द्वारा कॉम्बिंग गस्त किया गया, जिसमें नामी और निगरानी बदमाशों की जांच करते हुए पुलिस द्वारा डेढ़ सैकड़ा से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही पुलिस टीमों ने 5 सैकड़ा से अधिक बदमाशों की जांच भी की। कॉम्बिंग गस्त की इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक अगम जैन भी शामिल रहे, उन्होंने जिला मुख्यालय के कोतवाली और ओरछा रोड थाना क्षेत्रों के अलावा बमीठा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम के साथ भ्रमण किया।पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक सिविल लाइन थाना छतरपुर और भगवां में अवैध शराब के तीन-तीन एवं ईशानगर, ओरछा रोड, अलीपुरा, सटई, मातगुवां और लवकुशनगर में दो-दो मामलों सहित संपूर्ण जिले में आबकारी अधिनियम के 32 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जबकि बमीठा में अवैध धारदार हथियार सहित एक आरोपी को पकड़ा गया। इसके अलावा कोतवाली, बमीठा, ओरछा रोड, सटई, राजनगर, नौगांव, भगवां, सिविल लाइन, बक्सवाहा और किशनगढ़ में 50 स्थाई वारंटी और 79 गिरफ्तार वारंटी पकड़े गए। 2 फरार इनामी और 11 वांछित अपराधियों सहित पूरे जिले में 175 से अधिक आरोपी गिरफ्तार किए गए, जबकि 211 गुंडा लिस्टेड, 118 निगरानी बदमाश, 49 जेल रिहाई तथा 65 जिला बदर आरोपियों को मिलाकर करीब 543 से अधिक बदमाशों की चैकिंग की गई। कॉम्बिंग गस्त में 216 समन और 127 जमानती वारंट तामील करने के साथ-साथ 374 मामलों के 459 आरोपियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई है। कॉम्बिंग गस्त में अपराधियों की जांच और धरपकड़ के साथ-साथ पुलिस टीमें सार्वजनिक स्थलों और वाहन चालकों की जांच भी करती नजर आईं। कांबिंग गस्त में पुलिस अधीक्षक के अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह, समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी सहित लगभग तीन सैकड़ा पुलिसकर्मी सम्मिलित हुए।









