
छतरपुर। सरवई थाना क्षेत्र के गोहानी गांव की रहने वाले एक महिला ने कियोस्क संचालक पर उसके खाते से पैसे निकालने के आरोप लगाए हैं। मंगलवार को महिला ने जिला मुख्यालय पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।गोहानी निवासी पानकुमारी पत्नी भुमानीदीन यादव ने बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करती है। उसने बेटी की शादी के लिए पैसों की बचत करने की मंशा से सरवई के गौरिहार तिगैला पर मौजूद एसबीआई कियोस्क में अपना खाता खुलवाया था, जिसमें पाई-पाई करके उसने 49 हजार 500 रुपए एकत्रित किए थे। पानकुमारी का आरोप है कि कियोस्क संचालक तेजप्रकाश अहिरवार तथा महेशचन्द्र अहिरवार निवसी खड़ेहा ने पिछले दिनों उसके साथ धोखाधड़ी करते हुए खाते में जमा राशि निकाल ली है। पान कुमारी ने बताया कि पहले तेजप्रकाश अहिरवार तथा महेशचन्द्र अहिरवार ने उसके पैसे लौटाने की बात कही थी लेकिन अब वे अपनी बात से मुकर गए हैं। एसपी को आवेदन देकर पान कुमारी ने उक्त दोनों के विरुद्ध कार्रवाई कर उसके पैसे वापिस दिलाने की मांग की है।









