
स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की सामूहिक पहल से मिली सुविधा
छतरपुर। पिछले दिनों जिला मुख्यालय पर सड़क हादसे में घायल हुए एक 14 साल के बच्चे की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी, जिस कारण से उसे इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया। चूंकि बच्चे की हालत बेहद नाजुक थी, जिसके चलते स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की सामूहिक पहल से बच्चे को एयर एंबुलेंस सुविधा मुहैया कराई गई। फिलहाल बच्चे का भोपाल में इलाज चल रहा है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक गत 26 दिसंबर को रात के वक्त बजरंग नगर कॉलोनी का रहने वाला 14 वर्षीय आदर्श पुत्र प्रवीण कुमार पाण्डेय सड़क दुर्घटना में घायला हो गया था, जिसके चलते उसे छतरपुर जिला अस्पताल लाया गया। जिला अस्पताल में ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. आरके धमनिया ने उसका उपचार किया लेकिन आदर्श की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। उसके स्वास्थ्य को देखते हुए डॉ धमनिया ने सीएमएचओ डॉ आरपी गुप्ता तथा सिविल सर्जन से चर्चा की जिसके बाद आदर्श को हायर सेंटर रेफर करने का निर्णय लिया गया। आदर्श को इलाज के लिए बंसल हास्पिटल भोपाल ले जाया थाना था, जिसके लिए कलेक्टर पार्थ जैसवाल से बात की गई और उनके निर्देशन मे सीएमएचओ द्वारा रीक्वेस्ट रेज कर एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था कराई गई। आदर्श को गुरुवार की रात 12 बजकर 5 मिनिट पर 108 एम्बुलेंस से खजुराहो एयरपोर्ट एवं रात्री 2 बजे एयर एम्बुलेंस से भोपाल पहुंचाया गया। आदर्श को उपचार मुहैया कराने में सिविल सर्जन डॉ. जीएल अहिरवार, ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. आरके धमनिया सहित प्रेम सिंह स्टेनो कलेक्टर, शशांक निगम टेक्निकल टीम एवं कपिल डाबर सीएमएचओ आफिस का विशेष सहयोग रहा। उल्लेखनीय है कि जिले में यह पांचवां मौका है जब पीएमश्री एयर एम्बुलेंस योजना एवं आयुष्मान कार्ड योजना के तहत किसी मरीज को नि:शुल्क एयर एंबुलेंस सेवा का लाभ मिला है।







