Home डेली न्यूज़ युवक के पैर पर गिरी एलएनटी मशीन की बकेट

युवक के पैर पर गिरी एलएनटी मशीन की बकेट

32
0
Jeevan Ayurveda

शरीर से अलग हुआ पैर, परिजनों ने किया चक्काजाम

।बकस्वाहा। थाना अंतर्गत आने वाली नैनागिरी चौकी क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक युवक के पैर पर एलएनटी मशीन की बकेट गिरने के कारण पैर शरीर से अलग हो गया। हादसे के बाद युवक को आनन-फानन में सागर ले जाया गया, वहीं दूसरी ओर घायल युवक के परिजनों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। चूंकि स्थानीय अधिकारियों की ड्यूटी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों में लगी हुई है, जिस कारण से मौके पर पुलिस बल के अलावा अन्य कोई अधिकारी नहीं पहुंच सका।प्राप्त जानकारी के मुताबिक बकस्वाहा से निकले नेशनल हाईवे पर एनएचएआई विभाग द्वारा सडक़ का निर्माण कार्य किया जा रहा है। सोमवार की सुबह करीब 11 बजे सेमरा पुल के पास विभाग की एलएनटी मशीन खुदाई का काम कर रही थी तभी मशीन की बकेट (पंजे) में टेलीफोन की केबिल फंस गई। मशीन के चालक ने पास से गुजर रहे सेमरा शेख निवासी हल्काईं पुत्र मंगल यादव उम्र 35 वर्ष को बुलाकर केबिल निकालने के लिए कहा। जब हल्काईं उक्त केबिल को निकाल रहा था तभी मशीन की बकेट अचानक उसके बांय पैर पर गिर गई और हल्काईं का पैर शरीर से अलग हो गया। घायल हल्काईं को 108 एंबुलेंस से बकस्वाहा के अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल सागर रेफर कर दिया गया। वहां घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया, सूचना मिलते ही हल्काईं के परिजन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक सडक़ पर जाम लगा रहा, दोनों ओर दर्जनों वाहन की कतारें लग गईं लेकिन अधिकारियों की खजुराहो में ड्यूटी होने के कारण बकस्वाहा एवं शाहगढ़ थाना तथा नैनागिरी चौकी के पुलिस बल के अलावा कोई भी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच सका।बताया गया है कि हल्काईं के परिवार में उसकी पत्नी के अलावा 6 बच्चे हैं, जिनका भरण-पोषण वह चाय की दुकान चलाकर करता है। उक्त हादसे के बाद परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। चक्काजाम के दौरान हल्काईं की पत्नी गीता घंटों तक सडक़ पर बिलखती रही। बक्सवाहा थाना प्रभारी कृपाल मार्को ने बताया कि सेमरा पुल के पास हादसा होने के बाद जाम लगाया गया है। मेरी ड्यूटी खजुराहो में है, मौके पर सब इंस्पेक्टर खुमान सिंह को भेजा गया है जो स्थिति को संभाल रहे हैं। वहीं बक्सवाहा तहसीलदार भारत पांडे ने बताया कि जाम की सूचना मिलने के बाद बिजावर एसडीएम विजय द्विवेदी को मौके पर भेजा गया है।

Ad
Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here