
छतरपुर। अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हिनौता थाना पुलिस ने गुरूवार की दोपहर रोड पेट्रोलिंग के दौरान ग्राम बघारी पहाड़ी के पास से एक युवक को अवैध हथियार के साथ दबोच लिया। हिनौता थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजकुमार यादव ने बताया कि पुलिस को देखकर युवक ने भागने का प्रयास किया लेकिन उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास 315 बोर का अवैध देशी कट्टा एवं कारतूस मिला। पकड़े गए युवक ने अपना नाम सियांशु पुत्र पंचा भुर्जी निवासी ग्राम बघारी बताया है। थाना प्रभारी ने बताया कि हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अवैध हथियार का प्रदर्शन करते हुए उसकी फोटो भी वायरल हुई थी। आरोपी के विरुद्ध थाना हिनौता में आयुध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्व किया गया है।









