
किस मकसद से आए थे अपराधी, इसकी पुलिस कर रही जांच1
छतरपुर। लाखों लोगों की आस्था के केन्द्र बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के निवास से महज 50 मीटर दूर अवैध हथियार लेकर घूम रहे दो आदतन अपराधियों सहित तीन लोगों को ग्राम रक्षा समिति ने दबोच लिया। अवैध हथियार लेकर किस मकसद से आदतन अपराधी घूम रहे थे इसकी अभी जांच की जानी है लेकिन अपराधियों के मिलने से महाराज की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पकड़े गए अपराधियों को बागेश्वर धाम चौकी पुलिस के हवाले कर दिया गया है।जानकारी के मुताबिक बागेश्वर धाम एवं ग्राम रक्षा समिति संयुक्त रूप से असामाजिक तत्वों पर नजर बनाए रहती है। समिति के सदस्य रात में गश्त भी करते हैं। बीती रात करीब डेढ़ बजे नई अन्नपूर्णा के पास संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे तीन लोगों से जब समिति के सदस्य बात करने लगे तभी उनमें से एक आदतन अपराधी कुंजबिहारी पटेल ने समिति सदस्यों पर कट्टा तान दिया। चूंकि समिति के सदस्यों की संख्या काफी थी इसलिए बिना डरे उसे दबोच लिया। कुंजबिहारी पटेल की तलाशी लेने पर उसके पास से चार जिंदा कारतूस भी मिले हैं। सवाल यह है कि वाई कैटेगिरी की सुरक्षा बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री को दी गई है। हिन्दुत्व के लिए काम करने के कारण विधर्मियों की आंखों में वे खटक रहे हैं। जांच इस बात की होनी चाहिए कि पकड़े गए आदतन अपराधी मुवीन खान खजुराहो एवं कुंजबिहारी पटेल पहाड़ी के अलावा पुष्पेन्द्र पटेल किस मकसद से रात डेढ़ बजे बागेश्वर धाम में अवैध हथियार लेकर घूम रहे थे। कहीं न कहीं महाराजश्री की सुरक्षा में चूक भी सामने आ रही है। महत्वपूर्ण यह है कि महाराजश्री जिस तरफ से छत में खड़े होकर भक्तों को दर्शन देते हैं और उनका अभिवादन स्वीकार करते हैं उसी तरफ आदतन अपराधी हथियार लेकर घूम रहे थे। पुलिस के आला अधिकारियों को गंभीरता से बागेश्वर धाम की सुरक्षा पर चिंता करनी होगी।









