
निर्दोष लोगों पर नहीं होगी कार्रवाई, सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
छतरपुर। कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष छतरपुर में आगामी पर्व अनंत चतुर्दशी और ईद मिलाद-उन-नबी को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान कलेक्टर श्री जैसवाल ने मुस्लिम समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे पिछले माह के घटनाक्रम को लेकर भयभीत न हों, पुलिस-प्रशासन द्वारा किसी भी निर्दोष व्यक्ति पर कार्रवाई नहीं की जाएगी। निडर होकर पूर्व की भांति इस वर्ष भी ईद मिलाद-उन-नबी का पर्व मनाएं।कलेक्टर ने बैठक में उपस्थित हिंदू एवं मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों सहित समिति के सदस्यों त्योहारों पर की जाने वाली व्यवस्था के संबंध में जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ईद के त्यौहार पर शांति, कानून व्यवस्था एवं आवश्यक व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए। यातायात प्रभारी को यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने एवं आवश्यक मार्ग डायवर्सन के संबंध में निर्देश दिए। नगरपालिका, पीडब्ल्यूडी एवं एमपीईबी को स्वच्छता, सड़क व्यवस्था एवं रोड पर लाइटिंग व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए गए। सीएमएचओ को निर्देश दिए गए कि एम्बुलेंस सहित स्वास्थ्य व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखी जाएं। पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने त्योहारों को सौहार्द और भयमुक्त वातावरण में परंपरागत ढंग से मनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अप्रिय घटना का अंदेशा होने पर तत्काल प्रशासन को जानकारी दें। उन्होंने बताया कि कुछ शरारती तत्व माहौल बिगाड़ने की मंशा से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट न डालते हैं, साइबर सेल द्वारा ऐसे लोगों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने व्हाट्सएप ग्रुप एडमिन से भी सतर्कता बरतने की अपील की है। समाज के लोगों से सुझाव लेने के बाद तय किया गया है कि 16 सितंबर को दोपहर 2 बजे ईद मिलाद-उन-नबी का जुलूस शहर के मुश्किल कुशा अली मैदान से प्रारंभ होगा और शहर भ्रमण करने के उपरांत शाम 6 तक जुलूस समाप्त होगा। बैठक में एसपी अगम जैन, एडीएम मिलिंद नागदेवे, एएसपी विक्रम सिंह सहित संबंधित अधिकारी और समिति के सदस्य व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कलेक्टर-एसपी के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्चशाम को शांति समिति की बैठक संपन्न होने के बाद कलेक्टर पार्थ जैसवाल और एसपी अगम जैन द्वारा संयुक्त रूप से शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने बताया कि फ्लैग मार्च के दौरान शहर नगर पालिका द्वारा आगामी त्योहारों को लेकर की गई तैयारियों और कानून व्यवस्था का जायजा लिया गया है। उन्होंने शहर वासियों से शांति और सौहार्दपूर्ण तरीके से त्यौहार मनाने की अपील की। वहीं पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने बताया कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य त्योहारों के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण करना और नागरिकों से संवाद कर उनकी शंकाओं का समाधान करना था। कई स्थानों पर कलेक्टर और एसपी ने लोगों से संवाद करते हुए उन्हें सुरक्षित वातावरण का आभास कराया और त्योहारों को परंपरागत ढंग से पूर्ण उत्साह के साथ मनाने की अपील की।







