
छतरपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार चेतगिरी कॉलोनी स्थित ओम सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल में सोमवार को श्रीकृष्ण अष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भागवत आचार्य राजेंद्र शास्त्री रहे। मुख्य वक्ता द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की झांकी के समक्ष माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं के द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के सुंदर भजन, भजनों पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किए। प्राथमिक वर्ग के छात्र-छात्राएं भगवान श्रीकृष्ण व राधा रानी के सुंदर स्वरूप में तैयार होकर आए और साज सज्जा प्रतियोगिता में भाग लिया जिसमें प्रथम पुरस्कार अवनी नायक, द्वितीय अथर्व खरे को दिया गया। इसके उपरांत मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें सभी छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। मटकी फोड़ प्रतियोगिता में माही पाठक विजेता रहीं। इसके उपरांत कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राजेन्द्र शास्त्री द्वारा भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी कहानियां व भगवान श्रीकृष्ण व सुदामा की मित्रता के प्रसंग पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन राम खगेश मिश्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में समस्त विद्यालय परिवार एवं विद्यालय के संचालक आशुतोष अरजरिया उपस्थित रहे।








