
राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा रवाना की
हमारी शान तिरंगा, हमारी आन तिरंगा, हर घर तिरंगा थीम पर लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत करने बुधवार को छतरपुर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए बाइक के माध्यम से तिरंगा यात्रा निकाली गई। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा को रवाना कर यात्रा में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा में क्षेत्रीय विधायक ललिता यादव, कलेक्टर पार्थ जैसवाल, जिला पंचायत सीईओ तपस्या परिहार, डिप्टी कलेक्टर जी.एस. पटेल, एसडीएम अखिल राठौर, ईई पीडब्ल्यूडी आर.एस. शुक्ला, डीईओ एम.के. कोटार्य, नगरपालिका सीएमओ माधुरी शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी कर्मचारी, नारी शक्ति, पत्रकार बंधु और आमजन शामिल हुए। तिरंगा यात्रा के माध्यम से 15 अगस्त तक अपने घरों दफ्तरों आदि में तिरंगा झंडा लगाने का संदेश दिया गया। तिरंगा यात्रा शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 01 से प्रारंभ होकर छत्रसाल चौक होते हुए, पत्रकार चौक, चौक बाजार, महल तिराहा, पुलिस लाइन होते हुए वापस स्कूली प्रांगण में समाप्त हुई।







