
पीडब्ल्यूडी विभाग की जर्जर इमारत को कराया गया धराशायी
छतरपुर। शहर में स्थित करीब डेढ़ दर्जन जर्जर शासकीय इमारतों को गिराने का निर्णय पिछले दिनों संपन्न हुई परिषद की बैठक में लिया गया था। उक्त निर्णय पर अमल करते हुए नगर पालिका ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को महल तिराहा के पास मौजूद पीडब्ल्यूडी विभाग की जर्जर इमारत को जेसीबी की मदद से गिराया गया।मुख्य नगर पालिका अधिकारी माधुरी शर्मा ने बताया कि परिषद की बैठक में शहर के ऐसे 17 शासकीय भवनों को चिन्हांकित किया गया था, जो जर्जर हो चुके हैं और बारिश के दौरान धराशायी हो सकते हैं। अप्रिय घटनाओं को रोकने की मंशा से इन सभी भवनों को गिराने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया और कार्रवाई शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि जिन जर्जर इमारतों में लोग रह रहे हैं उन्हें 3 दिन का समय देकर स्वत: इमारत को खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद जहां इमारतों को खाली नहीं किया जाएगा, वहां सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।









