
छतरपुर। गुलगंज पुलिस ने उत्तरप्रदेश के बलिया जिले के गुम व्यक्ति का उपचार कराने के बाद सकुशल उसे उसके परिजनों तक पहुंचाने का कार्य किया है। थाना प्रभारी गुरुदत्त शेषा ने बताया कि गत दिवस थाना पुलिस को एक युवक घायल अवस्था में मिला था। युवक के सिर में गंभीर चोट थी तथा वह मानसिक यप से कमजोर भी था। सर्वप्रथम पुलिस ने उसका इलाज कराया और इसके बाद युवक की शिनाख्त के प्रयास किए। पुलिस के प्रयासों से पता चला कि युवक का नाम मनोज मिश्रा है और वह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का रहने वाला है। युवक अपनी मां के साथ बमीठा थाना क्षेत्र के धार्मिक स्थल बागेश्वर धाम आया था, जहां वह परिजनों से बिछड़ गया और अज्ञात तरीके से गुलगंज थाना क्षेत्र जा पहुंचा। शिनाख्त होने के बाद वह मनोज के परिजनों को जिला अस्पताल बुलाया गया, जहां रविवार को उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। मनोज के परिजनों ने पुलिस का आभार जताया है। इस कार्यवाही में बड़ामलहरा एसडीओपी रोहित अलावा, थाना प्रभारी गुलगंज गुरूदत्त शेषा, कैलाश राजपूत और सोहराब अली की मुख्य भूमिका रही।









