
छतरपुर। राजनगर थाना क्षेत्र के विक्रमपुर मार्ग पर नदया तिगैला के समीप एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी जिससे बाइक पर सवार महिला और उसका पुत्र घायल हो गया। घटना के बाद कार चालक मौके से भाग निकला। आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।ग्राम उदयपुरा निवासी 21 वर्षीय आशीष पुत्र लोकनाथ पटेल ने बताया कि वह अपनी 40 वर्षीय मां रामकुंवर पटेल के साथ विक्रमपुर से अपने गांव की ओर जा रहा था तभी नदया तिगैला पर तेज रफ्तार बोलेरो कार क्रमांक एमपी 16 सी 5591 ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से आशीष और उसकी मां जमीन पर गिरकर घायल हो गए। वहीं कार चालक मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों की मदद से आशीष और रामकुंवर को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। दुर्घटना में आशीष का पैर फ्रैक्चर हुआ है, जबकि उसकी मां को गंभीर चोटें आई हैं।






