
सस्ती दरों पर मिल रहीं किताब, कॉपियां, शिक्षा विभाग का आयोजन
छतरपुर। शहर के उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 में 29 अप्रैल से दो दिवसीय पुस्तक मेले का आयोजन शुरू हो गया है। कलेक्टर संदीप जीआर के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने शहर के कई दुकानदारों की सहायता से स्कूल के खेल मैदान में यह पुस्तक मेला आयोजित किया है। इस पुस्तक मेले के माध्यम से विभिन्न कक्षाओं में पढऩे वाले विद्यार्थियों की स्कूली किताबें और कॉपियां डिस्काउंट के साथ सस्ते दामों पर बेची जा रही हैं। दुकानदार यहां शिक्षा विभाग के निर्देश पर अभिभावकों को डिस्काउंट दे रहे हैं।
कलेक्टर के इस प्रयास से उन अभिभावकों को काफी राहत मिलेगी जो विभिन्न प्राइवेट स्कूलों के माध्यम से लूटे जा रहे हैं। स्कूलों के द्वारा अपनी निश्चित दुकानों पर ही अपने विद्यार्थियों हेतु तय किए गए कोर्स की किताबें और कॉपियां विक्रय कराईं जाती हैं जिससे अभिभावकों को 30 से 40 प्रतिशत तक महंगी सामग्री खरीदनी पड़ती है। शिक्षा विभाग के सहायक संचालक आरपी प्रजापति ने बताया कि यह मेला दो दिनों तक शिक्षा विभाग की देखरेख में आयोजित किया जाएगा। अभिभावक यहां आकर बच्चों के लिए किताबें और कॉपियां खरीद सकते हैं। विभिन्न किताब, कॉििपयों पर डिस्काउंट दिया जा रहा है। शिविर के आयोजन के दौरान शिक्षा विभाग के बीआरसी केके अग्रिहोत्री, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी किरण कौशिक सहित अनेक लोग मौजूद रहे।






