
एक ही रात में दो घरों को बनाया निशाना
हरपालपुर। नगर में इन दिनों चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने एक साथ दो घरों को निशाना बनाकर लाखों की संपत्ती चोरी कर ली। एक परिवार वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए और दूसरा परिवार इलाज के लिए झांसी गया हुआ था। दोनों घरों के सदस्य जब वापिस लौटे तब चोरी की जानकारी सामने आई। पीडि़त परिवारों ने थाने में शिकायत करते हुए कार्यवाही की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक नगर के वार्ड नंबर 7 कपास मिल कॉलोनी में रहने वाले दो रैकवार परिवारों के सदस्य अलग-अलग कामों से झांसी गए थे। दोनों मकानों पर ताला डाला हुआ था, जिसके चलते रात के वक्त चोरों ने दोनों घरों को निशाना बनाया। एक घर की स्वामी गीता पत्नी राजू रैकवार ने बताया कि चोर उसके घर की छत पर लगे लोहे के जाल का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और कमरे में रखी अलमारी को तोड़कर सोने की 2 अंगूठी, चांदी की दो चूड़ी और कमर पेटी सहित चार हजार रुपये नगद चोरी कर ले गए। इसी तरह दूसरे परिवार के सदस्य सूरज रैकवार ने बताया कि उसका परिवार घर के बुजुर्ग सदस्य का इलाज कराने के लिए झांसी मेडीकल कॉलेज गया था। चोरी की सूचना मिलने के बाद वह घर वापिस आया तो ज्ञात हुआ कि अज्ञात चोर अलमारी तोड़कर 2 ग्राम सोने का मंगल सूत्र, सोने की एक अंगूठी, 100 ग्राम चांदी की पायल सहित 23 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ले गए हैं। पीडि़त परिवारों की शिकायत पर पुलिस ने मौका-मुआयना करने के बाद मामला पंजीबद्ध करते हुए जांच शुरु कर दी है।








