
तहसीलदार पर लगे खानापूर्ति के आरोप, परेशान हो रहा किसान
महाराजपुर। तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत मझगुवां मौजा के नैगुवा गांव में स्थित खसरा नंबर 311 कि 793 आरे भूमि का स्वामी महाराजपुर निवासी किसान नरेश चौरसिया है। उक्त भूमि नरेश चौरसिया के नाम पर राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है, बावजूद इसके वर्ष 2018 में काशीबाई पति पप्पू अहिरवार ने उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया था। जब नरेश को यह जानकारी लगी तो उसने काशीबाई अहिरवार का विरोध किया, जिसके बाद उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
नरेश ने पुलिस और पटवारी से मामले की शिकायत करने के बाद न्यायालय की शरण ली। एसडीएम न्यायालय द्वारा तहसीलदार को आदेश दिया गया कि वह मौके पर जाकर नरेश को उसकी जमीन पर कब्जा दिलाएं। नरेश का आरोप है कि तहसीलदार ने खानापूर्ति कर मामले को दबा दिया तथा वह आज भी अपनी जमीन पर कब्जा पाने के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। नरेश चौरसिया ने आरआई और पटवारी की भूमिका को भी संदिग्ध बताया है। नरेश का कहना है कि पटवारी राजेंद्र शिवहरे उससे 10 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। चूंकि उसने पैसे नहीं दिए इसलिए उसे आज तक भटकना पड़ रहा है।








