Home डेली न्यूज़ ड्यूटी पर जा रहे पुलिस जवानों का वाहन पलटा

ड्यूटी पर जा रहे पुलिस जवानों का वाहन पलटा

37
0
Jeevan Ayurveda

एसएएफ के 10 जवान घायल, एक की हालत गंभीर
छतरपुर। मंगलवार की सुबह बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम में ड्यूटी करने जा रहे दतिया एसएएफ 29वीं बटालियन की ए कंपनी के जवानों से भरा पुलिस वाहन गंज तिराहा के समीप रेल्वे पुल पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना में बटालियन के 10 जवान घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई गई है।
दतिया एसएएफ 29वीं बटालियन की ए कंपनी के जवान कोक सिंह परिहार उम्र 55 वर्ष ने बताया कि बटालियन की टुकड़ी हर मंगलवार और शनिवार को बागेश्वर धाम में ड्यूटी के लिए आती है। मंगलवार की सुबह वे दतिया से बागेश्वर धाम जा रहे थे, इसी दौरान गंज तिराहा के पास रेल्वे पुल के ऊपर उनके वाहन के सामने अचानक एक टैक्सी आ गई, जिसे बचाने के चक्कर में पुलिस वाहन रैलिंग से टकरा गया। रैलिंग से टकराने के कारण पुलिस वाहन का एक टायर ब्लास्ट हुआ और वाहन खाई में उतर गया। कोक सिंह के मुताबिक खाई में उतरने के बाद वाहन एक पेड़ से टकराकर रुक गया था, अन्यथा वाहन पलट जाता। उक्त घटना में बटालियन के 10 जवान घायल हुए हैं। घटना के बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची बमीठा पुलिस ने सभी घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया।
यह जवान हुए घायल
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. ओज दोसाज ने बताया कि उक्त घटना में दतिया एसएएफ 29वीं बटालियन की ए कंपनी के जवान बुधनाराम उम्र 55 वर्ष, संजय बट्टी उम्र 35 वर्ष, उदयभान सिंह 33 वर्ष, कोक सिंह 55 वर्ष, नजराम 60 वर्ष, अतेन्द्र सिंह 25 वर्ष, भीम सिंह दांगी 27 वर्ष, प्रधान आरक्षक जगदीश सिंह 48 वर्ष, शाहरुख खान 26 वर्ष और देवेन्द्र कुमार 26 वर्ष घायल हुए हैं। प्रधान आरक्षक जगदीश सिंह की हालत गंभीर थी, जिस कारण से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है।
डीआईजी, एसपी ने घायलों से की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलने के बाद छतरपुर रेंज के डीआईजी ललित शाक्यवार और पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल जवानों से मुलाकात की और उनका हाल जाना। पुलिस अधिकारियों ने घायल जवानों का इलाज कर रहे चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here