
छतरपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बार फिर चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने 5 दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। बताया गया है कि पुलिस लाइन के समीप ?स्थित रजा हॉल के दो होटलों सहित कुल 5 दुकानों के ताले तोड़े गए हैं। उक्त वारदात महिला थाने से महज 100 कदम की दूरी पर हुई। पुलिस लाइन के ठीक सामने ?स्थित द चिकन हाउस होटल के ताले तोड़ कर चोर गुल्लक से करीब 10 हजार रुपए की नगदी और एक मोबाइल चोरी किया गया है। यह चोरी होटल के सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। इसके अलावा चोरों ने जेल के पास ?स्थित एजाज अहमद खान की चिकन शॉप की गुल्लक से 3800 रुपए, रजा हॉल के आगे भारत होटल की गुल्लक से करीब 8 हजार रुपए, जेल रोड के यूनिक फर्नीचर्स एंड डेकोरेशन की दुकान की गुल्लक से करीब 4 हजार रुपए तथा नेशनल फोम स्टोर की दुकान की गुल्लक से 400 रुपए चोरी किए हैं। सुबह के वक्त दुकानदारों ने थाने पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मौका मुआयना कर सीसीटीवी के आधार पर विवेचना शुरु की है।








