
छतरपुर। सेवानिवृत्त स्टेट बैंक पेंशनर लखन लाल अग्रवाल(अध्यक्ष , स्टेट बैंक पेंशनर अस्सोसिशन जिला छतरपुर) ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सभी पेंशनर को भविष्य में पेंशन संबंधी असुविधाओं से बचने के लिए अपना पीपीओ फोल्डर समय रहते बनवा लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि अपने पीपीओ का एक फोल्डर बना कर अपनी पत्नी की जानकारी में सुरक्षित रख दिया है। इस फोल्डर में पी पी ओ के साथ पत्नी का आधार कार्ड, पेन कार्ड की फोटो कॉपी भी रख दी है। उन्होंने सभी पेंशनर साथियों से अनुरोध किया है कि सभी पेंशनर साथी ऐसा ही एक फोल्डर बनाकर पत्नी की जानकारी में सुरक्षित रख दें जिससे भविष्य में पत्नी को पेन्शन स्वीकृत कराने में कोई असुविधा न हो। श्री अग्रवाल ने सलाह दी हैं कि सभी पेंशनर साथियों को पी पी ओ में दर्ज जन्मदिनांक का मिलान आधार कार्ड में दर्ज जन्मदिनांक से अवश्य कर लेना चाहिए। (पुराने आधार कार्ड में पहले जन्म वर्ष ही अंकित होता है )। यदि दोनों के जन्मदिनांक में समानता न हो तो उसे समय रहते हुए सुधार करवा लेना चाहिए। अपने बैंक के पेंशन खाते में अपनी पत्नी का नाम अवश्य जुड़वा लें एवं इस पेंशन खाते सहित बैंक मे जमा एसटीडीआर/लॉकर में नॉमिनेशन अवश्य करवा लें, जिससे आपके बाद परिवार को जमा राशि या लॉकर से समान लेने में कोई परेशानी न हो। इस पीपीओ का उपयोग भविष्य में, आपत्तिकालीन परिस्थितियों में, बैंक से लोन लेने में भी किया जा सकता है।








