टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में जिलेभर में फरार एवं इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी संसाधनों की सहायता से फरार अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह एवं एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटारे के पर्यवेक्षण में थाना बल्देवगढ़ पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। थाना प्रभारी बल्देवगढ़ उप निरीक्षक चंदन शाक्य के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने थाना बल्देवगढ़ के अपराध क्रमांक 211/23 में लूट के मामले में फरार चल रहे 3000 के इनामी आरोपी नवोदित उर्फ हेमू त्रिपाठी निवासी छतरपुर को मुखबिर सूचना एवं तकनीकी सहायता के आधार पर गिरफ्तार किया।
लंबे समय से दे रहा था चकमा-
आरोपी लंबे समय से पुलिस गिरफ्त से बाहर था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने 3000 का इनाम घोषित था। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। बताया गया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा । पुलिस द्वारा फरार एवं इनामी अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस सतत प्रयासरत है।
इन कर्मचारियों की रही सराहनीय भूमिका-
इन दिनों पुलिस कप्तान की बेहतर रणनीति एवं बल्देवगढ़ थाना प्रभारी की सूझबूझ से अपराधियों पर शिकंजा कसता नजर आने लगा है। बल्देवगढ़ पुलिस के हाथ लगातार कामयाबियां हाथ लगने से जनता में जहां खुशी देखी जा रही है, तो वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन की बढ़ती उदासीनता एवं सुस्त कार्यशैली में सुधार के आसार नजर आने लगे हैं। देखा जा रहा है कि अधिकांश इलाकों में अवैध शराब, जुआ और सट्टा से लेकर बढ़ती मारपीट की वारदातों ने पुलिस प्रशासन को लेकर नाराजगी बना रखी है। ऐसे में अपराधियों की धरपकड़ और तूफानी कार्रवाईयों से छवि को बेहतर बनाने में भी मदद मिली है। बताया गया है कि इस कामयाबी और कार्रवाई में थाना प्रभारी बल्देवगढ़ उप निरीक्षक चंदन शाक्य, चौकी प्रभारी देवरदा सहायक उप निरीक्षक लीलाधर, प्रधान आरक्षक रविन्द्र यादव, आरक्षक केशव सिंह, मनोज जाटव, आरक्षक पंकज खरे सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










