छतरपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलोंहा गांव में देर रात एक हत्याकांड ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। खेत में सो रहे 27 वर्षीय युवक राजाराम कुशवाहा की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना गुरुवार रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है।राजाराम कुशवाहा पिता मठोला कुशवाहा मूल रूप से मजदूर था और राजस्थान में काम कर रहा था। परिवार के अनुसार, बड़े भाई की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर वह कुछ दिन पहले ही गांव लौटा था।घटना का विवरणवारदात के समय राजाराम खेत में सो रहे थे। अज्ञात हमलावर ने उनके सिर पर गोली मार दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के दोनों भाइयों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि एक भाई घटना के बाद से फरार है, जबकि दूसरा घर पर मौजूद था।परिवार ने पुलिस को बताया कि यह हत्या 25 साल पुराने ज़मीनी विवाद से जुड़ी हो सकती है। बंटवारे के समय परिवार को मात्र डेढ़ एकड़ जमीन मिली थी, जिसको लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस इस एंगल पर भी गहन जांच कर रही है। राजाराम अपनी पत्नी और पांच बेटियों प्रियंका, विमलेश, अंजलि, भावना और मोहनी को छोड़ गए हैं। पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि राजाराम बहुत मेहनती और परिवार का मुख्य सहारा थे।









