छतरपुर। छतरपुर के प्रताप सागर तालाब में बुधवार की दोपहर एक युवक की लाश उतराती हुई नजर आयी। स्थानीय लोगों की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाश को बाहर निकलवाया। लाश के बाहर आने के बाद मृतक की पहचान 40 वर्षीय हेमंत गुप्ता के रूप में की गई।
सरानी दरवाजा निवासी हेमंत गुप्ता के पड़ोसी अवधेश गोस्वामी ने बताया कि वह अपने परिवार से सिद्धेश्वर मंदिर जाने की बात कहकर सुबह 10 बजे घर से निकले थे और दोपहर 12 बजे उनके तालाब में डूबने की खबर मिली। मृतक के शरीर पर पूरे कपड़े मौजूद थे इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक ने आत्महत्या की है। आखिर युवक ने क्यों आत्महत्या की इसका खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। परिवार का कहना है कि हेमंत अपनी बीमारियों से परेशान थे जिसके चलते उन्होंने शायद यह कदम उठाया होगा।









