टीकमगढ़। समाज सेवा से बढ़कर कोई पुनीत कार्य नहीं है। नगर में नारी शक्ति द्वारा अब तक अनेक सराहनीय कार्य किए गए हैं। जिसमें समाज सेविका सीमा पटैल आज किसी परिचय की मोहताज नहीं है। उनके द्वारा एक और सराहनीय पहल की गई है। बताया गया है कि जरूरतमंदों की छोटी-छोटी मदद करने की मंशा के साथ महिला समाजसेवी सीमा पटेल ने समाज हित में एक अनोखी पहल शुरू की है।
बुधवार की शाम लगभग 5 बजे सीमा पटेल अपनी महिला साथियों के साथ जिला अस्पताल पहुंचीं और मरीजों व उनके परिजनों को अन्न वितरण किया। अचानक हुई इस सेवा से मरीजों और उनके अटेंडरों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।
सीमा पटेल का कहना है कि जैसे हमारे शरीर के अलग-अलग अंग अपनी भूमिका निभाते हैं, वैसे ही समाजसेवी भी समाज का अभिन्न अंग होते हैं। समाज सेवा करना उनका कर्तव्य है और यह कार्य पूरी निष्ठा से किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि समाज में योगदान देने के लिए न तो अत्यधिक शिक्षित होना जरूरी है और न ही अत्यधिक धनवान होना, बल्कि इसके लिए सिर्फ जज्बा और लगन की जरूरत है। सीमा पटेल लगातार समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहती हैं और जरूरतमंदों की हर संभव मदद करने का प्रयास करती हैं। उनकी यह पहल समाज में जागरूकता और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। लोगों ने श्रीमती पटैल की सेवा भावना की सराहना करते हुए अपनी शुभकामनाएं दीं हैं।









