बकस्वाहा। सोमवार का दिन बकस्वाहा नगर के लिए ऐतिहासिक बन गया, जब कुशवाहा समाज संगठन द्वारा भगवान लव-कुश जयंती एवं सम्राट अशोक वर्षोत्सव का आयोजन भव्यता और अनुशासन की मिसाल बनकर सामने आया।
दिन की शुरुआत ही उत्साह से भरपूर रही, जब कुशवाहा समाज के युवाओं ने सुबह से मोटर साइकिल रैली का आयोजन किया, जो नगर की सड़कों पर एकता और जोश का प्रतीक बनकर निकली। जगह-जगह युवाओं का उत्साह देखते ही बनता था, जिसने आगामी शोभायात्रा के माहौल को और ऊर्जावान बना दिया।
मठ धाम से दोपहर 1 बजे विधिवत पूजन के बाद शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ, जिसमें न केवल कुशवाहा समाज बल्कि नगर के विभिन्न समाजों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की नगर के मुख्यमार्गों से होते हुए बस स्टैंड पर उनका भव्य स्वागत हुआ जिसके बाद नगर भ्रमण के बाद मठ धाम पर समापन हुआ
विशेष बात यह रही कि इस आयोजन में दोनों राष्ट्रीय पार्टियों के नेता भी इस आयोजन में शामिल।हुए कांग्रेस से क्षेत्रीय विधायक राम सिया भारती अपने समर्थकों के साथ शामिल हुईं, वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक प्रदुम्न सिंह लोधी भी अपने समर्थकों सहित शोभायात्रा में शामिल हुए । इन दोनों नेताओं की एक साथ मौजूदगी ने कार्यक्रम में सामाजिक एकता और सौहार्द का अनोखा संदेश दिया।
कार्यक्रम की सफलता के लिए युवाओं ने पंद्रह दिन पूर्व से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। नगर के वरिष्ठजन, महिलाओं और युवाओं ने घर-घर जाकर आमंत्रण दिया। आयोजकों ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि कोई भी व्यक्ति नशे की हालत में या उपद्रव करता पाया गया तो 10,000 का जुर्माना और सामाजिक दंड दोनों दिया जाएगा। इस अनुशासन ने आयोजन को अनुकरणीय बना दिया।
मठ धाम से निकली शोभायात्रा खेरमाता, बेर के चांदे, बिल्थरयाने मोहल्ला, इतवारा बाजार, राम मंदिर, पटवन मोहल्ला, पुराना बस स्टैंड, बुधवार बाजार, हरिजन मोहल्ला होते हुए पुन: मठ धाम पर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा और स्वागत द्वारों ने वातावरण को उल्लासमय बना दिया।
शोभायात्रा में चार डीजे की गूंज, दो सजी-धजी बग्गियां, शहनाई की मधुर ध्वनि, भगवान लव-कुश और सम्राट अशोक की भव्य झांकियां, सांस्कृतिक झलकियां, पटेल समाज के बच्चों, युवक-युवतियों, वरिष्ठ नागरिकों, माताओं और बहनों की गरिमामयी भागीदारी रही।
राजा राम व्यायामशाला के पहलवानों ने करतब दिखाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के विशेष आकर्षण के रूप में श्री लक्ष्मण कुटी, दमोह से पधारे महंत श्री राघवेन्द्र गिरी जी महाराज ने मठ धाम पहुंचकर मंगल आशीर्वाद दिया। इस दौरान नगर के अन्य संत और गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।
आयोजन केवल धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक सुधार की दिशा में भी एक मजबूत कदम बना। कुशवाहा समाज ने नशामुक्त समाज का संकल्प लिया और इसे आने वाले आयोजनों में भी लागू करने की घोषणा की। यह संदेश नगर के युवाओं में गहरी छाप छोड़ गया।
शोभायात्रा के समापन के बाद मठ धाम में प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें सभी वर्गों के नागरिकों ने भाग लिया। आयोजकों ने नगरवासियों और स्वजातीय बंधुओं का आभार व्यक्त किया जिन्होंने पूरे परिवार सहित उपस्थित होकर आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया।










