छतरपुर। शहर के चौबे तिराहे पर देर रात बोलेरो कार से आए अज्ञात हमलावरों ने एक ट्रक चालक के साथ मारपीट कर दी। चालक का आरोप है कि बेरहमी से मारपीट के बाद उसके साथ लूट भी की गई है। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया, साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी है।
ट्रक चालक संतोष राजपूत ने बताया कि वह कानपुर से पन्ना जिले के अमानगंज जा रहा था। देर रात एक बोलेरो कार से आए लोगों ने उसका ट्रक रोककर तोडफ़ोड़ की और इसके बाद मारपीट कर उसका मोबाइल तथा नकदी छीन ली। संतोष के मुताबिक घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे। सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने घायल संतोष को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने संतोष की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ लूट और मारपीट का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरु की है।









