खजुराहो। फ्रांस के अरियाज राज्य के लवलाने शहर में 11वें विश्व योग दिवस के अवसर पर दद्दा जी इंटरनेशनल कल्चर सेंटर, खजुराहो के तत्वावधान में इंडोनेशियन गार्डन में एक भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। आचार्य विद्यासागर महाराज, दद्दाजी (देव प्रभाकर शास्त्री), बागेश्वर धाम और ओशो के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम में सैकड़ों योग प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें योग प्रोफेसर कैफी भी शामिल थे। लवलाने के मेयर सायनिचस ने इस सफल आयोजन के लिए भारतीय दूतावास, पेरिस का आभार व्यक्त किया।
दद्दा जी इंटरनेशनल कल्चर सेंटर, खजुराहो के प्रमुख पंडित सुधीर शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि योग एक प्राचीन भारतीय अभ्यास है, जो शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। नियमित योग से चिंता और थकान कम होती है, एकाग्रता और ऊर्जा बढ़ती है, हृदय स्वास्थ्य में सुधार होता है, प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत होती है, पाचन क्रिया बेहतर होती है, और रक्त शर्करा का स्तर नियंत्रित रहता है। सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि सेंटर की ओर से भविष्य में भी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन विश्व योग दिवस 2025 की थीम एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग को सार्थक करता हुआ दिखाई दिया, जिसमें शारीरिक कल्याण के साथ-साथ वैश्विक एकता पर जोर दिया गया।









