
ईशानगर। क्षेत्र के ग्राम बौंड़ा में स्थित करधईया सरकार हनुमान मंदिर में कल यानि कि 5 जून से श्रीराम कथा का भव्य आयोजन शुरू होने जा रहा है। इस नौ दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, और गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है। कथा का वाचन कन्नौज पीठाधीश्वर और विश्व संत परमसंघ उपाध्यक्ष अतुलेशानंद गिरी महाराज करेंगे।
महामंडलेश्वर दीनबंधु दास महाराज के सानिध्य में यह सनातनी धर्मावलंबी विश्वकल्याण, जन सुख और जनहित के लिए श्रीराम नाम महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। दीनबंधु दास महाराज ने क्षेत्रवासियों, शहरवासियों, राज्य और देश के लोगों से इस आयोजन में शामिल होकर भगवत प्राप्ति की ओर अग्रसर होने की अपील की है। करधईया सरकार धाम, जिसका उल्लेख रामचरितमानस में मिलता है, सनातन परंपरा का एक महत्वपूर्ण तीर्थस्थल है। पिछले पांच वर्षों से यहां अखंड राम नाम संकीर्तन के साथ-साथ प्रात: 4 बजे सूर्योदय से पहले असाध्य रोगों की दवा का वितरण भी किया जाता है। कार्यक्रम की शुरुआत 5 जून को भव्य कलश यात्रा के साथ होगी, जिसमें स्थानीय महिलाएं उत्साहपूर्वक भाग लेंगी। श्रीराम कथा 5 जून से 14 जून तक प्रतिदिन शाम 4 से 8 बजे तक मंदिर परिसर में आयोजित होगी। कथा का रसपान कन्नौज पीठाधीश्वर श्री अतुलेशानंद गिरी महाराज, जो चित्रकूट आनंदधाम, कटंगी प्रज्ञाधाम और पारदेश्वर तीर्थ से जुड़े हैं, अपने मुखारविंद से कराएंगे।









