
छतरपुर। मध्य प्रदेश मांझी जनजाति संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले बुधवार को मांझी समाज ने राजनगर थाना क्षेत्र में 22 मई को हुई राकेश रैकवार की संदिग्ध मौत की जाँच की माँग को लेकर एसपी ऑफिस में ज्ञापन सौंपा। समाज ने इसे हत्या का मामला बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई, परिजनों को सुरक्षा और मुआवजे की माँग की है।
समाज के सुंदर रैकवार ने बताया कि राजनगर थाना क्षेत्र में जनपद कार्यालय के पीछे एक ढाबे पर 22 मई को राकेश रैकवार के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। राकेश अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। घटना के दिन मृतक के पुत्र और परिजनों ने राजनगर थाने में मारपीट करने वाले शराब कंपनी के व्यक्तियों के नामों के साथ लिखित शिकायत दी थी। उस समय डायल 100 वाहन चालक पुलिस भी मौके पर मौजूद थी, लेकिन पुलिस ने नामजद आरोपियों के बजाय अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। मांझी समाज ने माँग की है कि मृतक के परिजनों को सुरक्षा दी जाए, क्योंकि उन्हें आरोपियों से धमकियाँ मिल रही हैं, जिससे वे आवाज उठाने से डर रहे हैं। साथ ही, परिजनों को भरण-पोषण के लिए 10 लाख रुपये का मुआवजा और हत्या में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की माँग की गई है।








