
छतरपुर। गढ़ीमलहरा नगर में बीती रात करीब 10 बजे पेट्रोल पंप के पास एक कार में ट्रैक्टर से टकराने के बाद आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों तथा पुलिस की तत्परता के चलते कार सवाल 4 लोगों को बड़ी मशक्कत के बाद जिंदा बचा लिया गया, हालांकि वे सभी घायल हैं और उन्हें इलाज के लिए भेजा गया है।बताया गया है कि घायलों में उत्तरप्रदेश के महोबा निवासी नवीन वर्मा (35 वर्ष), उनकी पत्नी सुषमा वर्मा (30 वर्ष) और उनके दो बेटे गगन वर्मा (13 वर्ष) तथा राघव वर्मा (8 वर्ष) शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही गढ़ीमलहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को कार से बाहर निकाला। डायल हंड्रेड की मदद से सभी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।









