
छतरपुर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए दर्दनाक आतंकी हमले के विरोध और शहीद भारतीय नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए शहर के शीलिंग पब्लिक स्कूल में गत रोज एक शोक सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखा गया और मोमबत्तियां प्रज्वलित कर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक संजीव आर. नगरिया ने समाज में समरसता लाने में विद्यालय की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षकों की बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका है। हमें बच्चों में देशभक्ति की भावना जागृत करनी चाहिए। वहीं प्राचार्य श्रीमती सौम्या सिंह परमार ने कहा कि हमें स्वयं संस्कारवान बनना होगा और बच्चों को अच्छे संस्कार देने होंगे। इस दौरान सह-प्राचार्य ख्याति चतुर्वेदी, ऑफिस सुपरिटेंडेंट सुषमा दुबे, मैनेजर जावेद सर, वरिष्ठ शिक्षक संतोष कुमार गुप्ता और शिक्षिका संध्या श्रीवास्तव ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। शिक्षिका शोभा जैन ने समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए अपने विचार व्यक्त किए। शोक सभा में विद्यालय का समस्त स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे।








