
छतरपुर। जिले के ग्राम कुटिया निवासी रेखा पटेल ने जनसुनवाई में आवेदन देकर दबंगों द्वारा खेत पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाने की मांग की है। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि खेत पर कब्जा करने वाले लोग उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, वहीं शिकायत के बावजूद थाना पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
पीडि़ता रेखा पटेल ने बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती है। उसके पति कल्लू पटेल की दो वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। पति के नाम दर्ज कृषि भूमि अब राजस्व रिकॉर्ड में रेखा पटेल के नाम दर्ज है। जब वह खेत जुतवाने पहुंची तो गांव के ही रामप्यारे पटेल, हल्के पटेल और अखलेश पटेल ने खेत पर आकर गाली-गलौच की और खेत को अपनी बताकर धमकी दी कि यदि शिकायत की तो पूरे परिवार को खत्म कर देंगे। पीडि़ता ने बताया कि जब वह रिपोर्ट दर्ज कराने बमीठा थाने गई तो पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की और उसे भगा दिया। रेखा ने कलेक्टर से मांग की है कि उसकी भूमि पर से दबंगों का कब्जा हटाया जाए और उसे न्याय दिलाया जाए।








