
भगवां। समाजवादी पार्टी के सांसद रामजीलाल सुमन द्वारा राणा सांगा पर दिए गए विवादित बयान के विरोध में श्री राजपूत करणी सेना व राष्ट्रीय क्षत्रिय महासभा ने गुरुवार को भगवां के छत्रसाल तिराहे पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए घुवारा तहसीलदार एसके गौतम, भगवां थाना प्रभारी डीके सिंह को राष्ट्रपति के नाम का ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
करणी सेना के जिलाध्यक्ष रोहित राजा अमरवां के नेतृत्व में बड़ी संख्या में क्षत्रिय समाज के लोगों ने एकत्रित होकर सांसद का पुतला दहन किया और कड़ी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राणा सांगा भारतीय इतिहास के गौरवशाली योद्धा थे, जिनकी वीरता और बलिदान को कमतर आंकना इतिहास से छेड़छाड़ के समान है। वक्ताओं ने लोकसभा अध्यक्ष से मांग की कि रामजीलाल सुमन की सदस्यता रद्द की जाए, क्योंकि उन्होंने क्षत्रिय समाज और वीर महापुरुषों का अपमान किया है। इस दौरान क्षत्रिय समाज के युवाओं ने ‘राणा सांगा अमर रहें’ और ‘क्षत्रिय समाज की एकता जिंदाबाद’ के नारों के साथ अपना आक्रोश प्रकट किया। और चेतावनी दी कि यदि सांसद ने माफी नहीं मांगी, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।








