
छतरपुर। जिला मुख्यालय के समीपी ग्राम हमा में रविवार को एक वृद्ध व्यक्ति ने दवा के बदले कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। हादसे के बाद वृद्ध के परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां वृद्ध का इलाज किया जा रहा है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम हमा निवासी 58 वर्षीय अजुद्दी अहिरवार लकवा की बीमारी से ग्रसित है, जिसकी दवाओं का सेवन वह रोज करता है। प्रतिदिन उसके पुत्र दवा खिलाते थे लेकिन रविवार को आसपास कोई नहीं था, जिस कारण से अजुद्दी ने स्वयं दवाई का सेवन किया। इसी दौरान अजुद्दी ने लकवा की दवा की जगह पास में रखी कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत बिगडऩे लगी। अजुद्दी ने तुरंत घर के लोगों को जानकारी दी जिसके बाद परिजन ई-रिक्शा के माध्यम से अजुद्दी को जिला अस्पताल लेकर आए। फिलहाल जिला अस्पताल में अजुद्दी का इलाज जारी है।









