
एक ट्रक में 36 लाख की बियर पकड़ी, जांच शुरू
छतरपुर। रविवार की दोपहर छतरपुर के यातायात थाने के समीप पुलिस ने जब एक ट्रक को रोका तो उसमें 1400 पेटी बियर केन भरी हुई थीं। यह शराब शाजापुर की रीजेंट बियर एण्ड वाइन डिस्टलरी से छतरपुर के वेयर हाउस में लायी जा रही थी लेकिन शराब का परमिट शनिवार रात 10 बजे तक का था। इसके बावजूद बियर का परिवहन किया जा रहा था। अब आबकारी विभाग ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। आबकारी उपनिरीक्षक जीतेन्द्र शर्मा ने बताया कि यातायात पुलिस के द्वारा एक ट्रक बियर पकड़े जाने की सूचना दी गई थी। जब यहां आकर दस्तावेज जांचे गए तो पता लगा कि लगभग 36 लाख रूपए कीमत की 1400 पेटी बियर केन का परिवहन शाजापुर से छतरपुर वेयर हाउस के लिए किया जा रहा था। इसका परमिट शनिवार रात 10 बजे तक का था लेकिन परमिट खत्म होने के बावजूद यह गाड़ी समय पर वेयर हाउस क्यों नहीं पहुंची इसकी जांच करेंगे। क्या इस बियर को कालाबाजारी के लिए इस्तेमाल किया जा सकता था इस बिन्दु पर भी विवेचना की जाएगी। बहरहाल यातायात पुलिस की सूचना के बाद बियर को जब्त कर लिया गया है।








