छतरपुर। असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और अन्याय पर न्याय की विजय के पर्व विजयादशमी के उपलक्ष्य में नगर के प्रसिद्ध जानराय टौरिया मंदिर प्रांगण में संत, पुजारी, कर्मकांडी विप्र, कथावाचक एवं ज्योतिषियों की एक विशेष बैठक सह दशहरा मिलन समारोह आयोजित किया गया।
समारोह के दौरान सर्वसम्मति से छतरपुर के जाने-माने कथावाचक आचार्य पं. सौरभ तिवारी को वैदिक विद्वान संघ का नया अध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही कार्यकारिणी का गठन करते हुए आचार्य राजकुमार अवस्थी को उपाध्यक्ष, आचार्य विजय कृष्ण व्यास को महासचिव तथा आनंद चतुर्वेदी शास्त्री को सह-सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
संगठन के मार्गदर्शन हेतु संरक्षक मंडल का भी चुनाव किया गया, जिसमें जानराय टौरिया के महंत भगवानदास श्रृंगारी, अनगढ़ टौरिया के महंत महावीर दास, पीतांबरा शक्तिपीठ के पुजारी पं. बृजेश शर्मा, हरीश मिश्रा एवं आचार्य ओमप्रकाश शर्मा को सर्वसम्मति से संरक्षक नियुक्त किया गया।
नवनियुक्त अध्यक्ष पं. सौरभ तिवारी ने बताया कि आगामी समय में संगठन का विस्तार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त छतरपुर में सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार का आयोजन कराने के साथ-साथ नगर के सभी मंदिरों और कर्मकांडी विद्वानों की एक बृहद सूची तैयार की जाएगी, जिससे संगठन के माध्यम से सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और सामाजिक कार्यों को गति दी जा सके। कार्यक्रम में नगर के बड़ी संख्या में संत, पुजारी और कर्मकांडी विद्वान उपस्थित रहे।










