छतरपुर। अजनर थाना क्षेत्र के ग्राम खिरिया में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतिका के परिजनों ने पति पर शराब के नशे में मारपीट करने और जबरन जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम छतरपुर जिला अस्पताल में करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतिका विनीता सोनी 29 वर्ष पत्नी भरत सोनी निवासी ग्राम खिरिया थाना अजनर का मायका बिलबई छिकारा में था। मृतिका के भाई अजयकांत सोनी ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन की शादी वर्ष 2019 में ग्राम खिरिया निवासी भरत सोनी के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति शराब के नशे में आए दिन विनीता के साथ मारपीट करता था।
परिजनों का आरोप है कि करीब 15 दिन पहले भी पति भरत सोनी ने अपनी बहन अंजलि के कहने पर विनीता के साथ जमकर मारपीट की थी। घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे और घायल महिला को इलाज के लिए बेलाताल अस्पताल लेकर गए थे, जहां उसका उपचार कराया गया था।
भाई अजयकांत ने बताया कि कल रात एक बार फिर ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा विनीता के साथ मारपीट की गई और उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया गया। इसके बाद ससुराल वालों ने घटना की सूचना मायके पक्ष को दी। सूचना मिलते ही मायके वाले तुरंत मौके पर पहुंचे और महिला को निजी वाहन से छतरपुर के एक निजी अस्पताल लेकर आए, जहां इलाज के दौरान देर रात विनीता ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मृतिका के शव को छतरपुर जिला अस्पताल भिजवाकर पोस्टमार्टम कराया है और मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









