Home डेली न्यूज़ नवरात्रि पर महोबा रोड सहित शहर भर में मांस बिक्री बंद करने...

नवरात्रि पर महोबा रोड सहित शहर भर में मांस बिक्री बंद करने की मांग, हिंदू संगठन ने हाथ जोड़कर की अपील

79
0
Jeevan Ayurveda

छतरपुर। शारदीय नवरात्रि के पवित्र अवसर पर शहर में मांस की बिक्री रोकने को लेकर हिंदू संगठनों ने विरोध और अपील अभियान शुरू किया है। सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे हिंदू संगठन के युवा प्रतिनिधि अभिषेक सेन और राहुल चौबे अपनी टीम के साथ महोबा रोड स्थित मांस की दुकानों पर पहुंचे। उन्होंने सभी दुकानदारों से हाथ जोड़कर धार्मिक आस्था और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए नवरात्रि पर्व के दौरान मांस की बिक्री पूरी तरह बंद रखने का नम्रतापूर्वक आग्रह किया।
हिंदू संगठन के युवाओं ने अपनी बात रखते हुए कहा कि नवरात्रि के नौ दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु व्रत रखते हैं। इस दौरान महिलाएं और बच्चे सुबह-शाम मंदिरों में पूजा-अर्चना एवं दर्शन के लिए निकलते हैं। महोबा रोड और आसपास के मुख्य मार्गों से गुजरते समय खुले में संचालित मांस की दुकानों से आने वाली दुर्गंध के कारण श्रद्धालुओं को अत्यधिक असुविधा और असहजता का सामना करना पड़ता है। संगठन ने अपील की कि सभी व्यापारी धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए त्यौहार तक सहयोग करें।
इसके साथ ही संगठन के प्रतिनिधियों ने ध्यान आकर्षित कराया कि शहर के प्रमुख स्थानों जैसे बस स्टैंड, गल्ला मंडी चौराहा और अन्य व्यापारिक क्षेत्रों में भी खुले तौर पर मांस की दुकानें संचालित हो रही हैं, जिससे आम जनता की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। युवाओं ने शहर के सभी संबंधित दुकानदारों से अपील की है कि वे स्वच्छता और आस्था का ध्यान रखते हुए बिक्री स्थगित रखें। हालांकि, इस पूरे मामले पर फिलहाल स्थानीय प्रशासन की ओर से किसी आधिकारिक आदेश या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here