छतरपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के आकाशवाणी तिराहे पर रविवार दोपहर पैसों के लेनदेन को लेकर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सटई रोड निवासी महेश अहिरवार (30) के अनुसार मोहल्ले के अजय श्रीवास सहित दो अन्य लोगों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। डंडा सिर में लगने से महेश गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। राहगीरों की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी में प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा वार्ड में भर्ती किया गया है। घायल महेश ने आरोप लगाया कि उसने करीब दो वर्ष पहले अजय श्रीवास को 10 हजार रुपए उधार दिए थे। शनिवार रात रुपए वापस मांगने पर गाली-गलौज और हाथापाई हुई थी। इसके बाद रविवार को आकाशवाणी तिराहे पर डंडों से हमला कर दिया गया। मामले में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।










