छतरपुर। ग्राम ब्रजपुरा के समस्त ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर को लिखित आवेदन सौंपा। ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव के खसरा नंबर 612 को जल्द से जल्द आबादी भूमि घोषित किया जाए, ताकि इस भूमि पर वर्षों से रह रहे परिवारों को उनके मकानों का मालिकाना हक मिल सके।
ग्रामीण बद्री रजक एवं जगदीश अनुरागी के अनुसार फोरलेन सड़क निकलने के कारण ग्राम ब्रजपुरा दो हिस्सों में बंट गया है। इस स्थिति को देखते हुए पटवारी रोहित शुक्ला द्वारा दो अलग-अलग खसरा नंबरों की दो फाइलें तैयार की गई थीं। ग्रामीणों का कहना है कि इनमें से एक फाइल को कलेक्टर द्वारा आबादी भूमि घोषित किया जा चुका है।
वहीं, खसरा नंबर 612 से संबंधित दूसरी फाइल अब भी कलेक्टर कार्यालय में लंबित बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन अभी तक खसरा नंबर 612 को आबादी घोषित नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर खसरा नंबर 612 को आबादी भूमि घोषित करने की मांग की है, जिससे प्रभावित परिवारों को उनके मकानों का वैधानिक मालिकाना हक मिल सके।









