Home डेली न्यूज़ शादी डॉट कॉम से शादी, 5 साल बाद पत्नी फरार

शादी डॉट कॉम से शादी, 5 साल बाद पत्नी फरार

6
0
Jeevan Ayurveda


छतरपुर। ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट शादी डॉट कॉम के जरिए शुरू हुआ रिश्ता पांच साल बाद विवाद में बदल गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के हमां गांव निवासी नरेंद्र विश्वकर्मा ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी प्रियंका मुकुती घर से 8 माह के बच्चे और अपनी वृद्ध मां के साथ अचानक चली गई। नरेंद्र के मुताबिक घर से करीब एक लाख रुपये नकद और सोने के जेवर भी गायब हैं।
नरेंद्र ने बताया कि करीब पांच साल पहले शादी डॉट कॉम के माध्यम से पश्चिम बंगाल निवासी प्रियंका से उसकी बातचीत शुरू हुई थी। करीब चार महीने बातचीत के बाद दोनों ने शादी कर ली। शादी से पहले प्रियंका ने बताया था कि उसके परिवार में कोई नहीं है और उसकी वृद्ध मां ही उसके साथ रहती है। इसके बाद नरेंद्र ने प्रियंका और उसकी मां को अपने साथ छतरपुर में रखा। दंपती के दो बच्चे हुए।
नरेंद्र के अनुसार, 10 सितंबर को उसका बड़ा बच्चा स्कूल गया था। इसी दौरान प्रियंका ने घर में लगे सीसीटीव्ही कैमरे बंद किए और अपनी मां तथा 8 माह के बच्चे को लेकर घर से चली गई। जब नरेंद्र दोपहर करीब 3 बजे घर पहुंचा तो पत्नी, सास और बच्चा घर पर नहीं थे। घर की जांच करने पर करीब एक लाख रुपये नकद, मंगलसूत्र और सोने की कान की बालियां भी नहीं मिलीं।
नरेंद्र ने बताया कि प्रियंका अक्सर बंगाली भाषा में किसी से फोन पर बातचीत करती थी। भाषा समझ नहीं आने के कारण उसे बातचीत के बारे में जानकारी नहीं हो पाती थी। घटना के बाद पत्नी और उसकी मां के मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ बताए जा रहे हैं।
काफी तलाश के बाद जब पत्नी और बच्चे का कोई पता नहीं चला तो नरेंद्र ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर मामले की तलाश शुरू कर दी है।
पत्नी नहीं चाहिए, बस मेरा बेटा वापस चाहिए
मीडिया के सामने नरेंद्र भावुक हो गया। उसने कहा कि ऑनलाइन सोशल साइट के जरिए जीवन का इतना बड़ा फैसला लेना उसके लिए भारी पड़ गया। नरेंद्र ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वह खुद ऐसी गलती कर चुका है और अब उसका खामियाजा भुगत रहा है। उसने कहा कि उसे पत्नी से कोई लेना-देना नहीं है, बस उसका 8 माह का बच्चा उसे वापस मिल जाए।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here