टीकमगढ़। लूट की एक वारदात को खुलासा हो नहीं सका, कि जिले में यह दूसरी लूट की वारदात हो गई। एक के बाद एक लूट की घटनाओं को लेकर लोगों में दहशत नजर आने लगी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि लुटेरों का इन दिनों जतारा से बल्देवगढ़ के बीच दबदबा बना हुआ है। संदिग्ध लोगों पर नजर रखे जाने और रात में गश्त बढ़ाए जाने पर भी लोगों ने जोर दिया है, जिससे लोगों में बनी दहशत दूर की जा सके। खरगापुर इलाके में हुई लूट की बढ़ी वारदात के बाद से लोगों में नाराजगी एवं दहशत देखी जा रही है। घटना के संबन्ध में बताया गया है कि जिले के खरगापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को दो अज्ञात बदमाशों ने एक 55 वर्षीय महिला को बंधक बनाकर करीब 1 लाख रुपए मूल्य के सोने, चांदी के जेवर लूट लिए। घटना खरगापुर-पलेरा रोड पर स्थित पेट्रोल पंप के पास की है। लूट की वारदात के बाद से यहां के निवासियों की नींद उड़ गई है।
दवाई के बहाने खुलवाया दरवाजा-
इतना तो तय जान पड़ता है कि बदमाश जो भी हैं, उन्हें यह तो अच्छी तरह से पता था कि यह घर किसका है और इस घर में कौन-कौन है। दबाईयों के बहाने बदमाशों का आना यह तो दर्शाता है कि वह इलाके से और मकान में रहने वालों से परिचित रहे हैं। डाक्टर के यहां दवाईयों के लिए आना और दरवाजा खुलवाना दर्शाता है कि आरोपी आसपास के ही रहे होंगे। कहा जा रहा है कि आरोपियों ने घर के मालिक प्यारेलाल राजपूत के बेटे (जो डॉक्टर हैं) से दवाई लेने का बहाना बनाकर दरवाजा खुलवाया और जबरन घर के अंदर दाखिल हो गए। बताया गया है कि बदमाशों ने यहां महिला को बंधक बनाने के साथ ही उसके साथ मारपीट भी की, जिससे उसके शरीर के कई हिस्सों में चोटें भी आई हैं। लूट की वारदात के बाद से इलाके में सनसनी फैली हुई है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से लूट की वारदात के आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का जल्दी ही खुलासा किए जाने पर जोर दिया है। कहा गया है कि आरोपियों ने घर में घुसते ही प्यारेलाल की पत्नी राम प्यारी राजपूत का मुंह तौलिए से बांध दिया और उनके साथ मारपीट करते हुए घर के अंदर ले गए। आरोपियों ने महिला के सोने के कानों के टॉप्स, हाथ की चूडिय़ां और चांदी की पायल जबरन खींच लीं, जिससे उनके कानों से खून बहने लगा। घटना के संबन्ध में जानकारी लगते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की गंभीरता से पड़ताल कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश थाना प्रभारियों को दिए हैं। बताया गया है कि लूट की वारदात के बाद आरोपियों का सुराग लगाने के लिए पुलिस टीमों का गठन कर अफसरों द्वारा निर्देशित किया गया है। इतना ही नहीं संभावित ठिकानों पर पुलिस द्वारा लगातार दविश दी जा रही है। इसके साथ ही पुलिस द्वारा आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीव्ही कैमरों को खंगाला जा चुका है, जिसमें संदिग्ध दो युवकों की तस्वीरें नजर भी आई हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।









