⏺️ पदोन्नति नई जिम्मेदारियों के साथ उत्कृष्ट कार्य करने का अवसर – नामदेव
टीकमगढ़। उत्कृष्ट कार्य, अनुशासन, निष्ठा एवं समर्पित सेवाओं का सम्मान किसी भी संस्था की कार्यसंस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान करता है। इसी क्रम में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट बीपी नामदेव ने बीते रोज* स्थानीय डिस्ट्रिक्ट होमगार्ड कार्यालय, टीकमगढ़ में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम के दौरान सुरेश पुष्पकार को पदोन्नति पर सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। श्री पुष्पकार जी को एएसआई पद पर पदोन्नत किया गया है।
कार्यक्रम में श्री सुरेश पुष्पकार के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) पद पर पदोन्नत होने पर डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट बीपी नामदेव एवं प्लाटून कमांडर अमित दुबे ने उनके कंधों पर स्टार लगाकर सम्मानित किया। एएसआई पद पर पदोन्नत होने पर डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट बीपी नामदेव एवं प्लाटून कमांडर अमित दुबे ने श्री पुष्पकार को मिष्ठान खिलाकर बधाई दी।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट बीपी नामदेव ने कहा कि पदोन्नति केवल उपलब्धि का सम्मान नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारियों को अधिक प्रतिबद्धता, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निभाने का अवसर भी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री पुष्पकार जी अपने अनुभव, कार्यकुशलता एवं समर्पण से विभाग की गरिमा को और अधिक ऊँचाइयों तक पहुँचाएंगे। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए प्लाटून कमांडर अमित दुबे ने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी अपने आचरण, अनुशासन, पारदर्शिता एवं जनसेवा की भावना से समाज में होमगार्ड के प्रति विश्वास को और मजबूत बनाए। जनहित सर्वोपरि रखते हुए संवेदनशील एवं जवाबदेही कर्मचारियों की पहचान है।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट बीपी नामदेव, प्लाटून कमांडर अमित दुबे, एएसआई(एम) संजय प्रजापति, सुरेन्द्र राय, नायक राजेन्द्र खरे, शेख शेरू, जगदीश, राजकुमार सहित कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










